अमेरिकी हवाई हमलों के बाद ईरान की आईआरजीसी ने किया पलटवार

अमेरिका की ओर से ईरान के रणनीतिक पोर्ट सिटी बंदर अब्बास स्थित एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाए जाने के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने कहा है कि उसने जवाबी हमला किया है.
आईआरजीसी का कहना है कि अमेरिका ने जिस अड्डे से हमले किए, उसने उसी को निशाना बनाया है.
आईआरजीसी का बयान ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने गुरुवार सुबह प्रकाशित किया.
बयान में कहा गया, गुरुवार तड़के अमेरिकी सेना की ओर से बंदर अब्बास हवाई अड्डे के बाहरी इलाक़े में हवाई हमले के बाद जिस अमेरिकी अड्डे से हमला किया गया था, उसे सुबह 4:50 बजे निशाना बनाया गया.
आईआरजीसी ने कहा, यह जवाबी कार्रवाई दुश्मन को एक गंभीर चेतावनी है, जिससे उसे पता चले कि हमले का जवाब ज़रूर दिया जाएगा और अगर यह दोहराया गया तो हमारी प्रतिक्रिया और भी निर्णायक होगी. इसके परिणामों की ज़िम्मेदारी हमलावर की होगी.
इससे पहले कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी ने देश में ख़तरे के सायरन बजने की जानकारी दी थी.
एजेंसी ने कहा था कि कुवैत के वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई है और विमान रोधी प्रणालियां ड्रोन और मिसाइल हमलों का मुक़ाबला कर रही हैं.
हालांकि, यह अब तक स्पष्ट नहीं है कि आईआरजीसी ने जिस अमेरिकी अड्डे को निशाना बनाने की बात कही है, वह किस देश में है.



